हिसार: ओम स्टर्लिंग ग्लोबल विश्वविद्यालय, हिसार और गरिमा फाउंडेशन के सौजन्य से जाट धर्मशाला, भिवानी में एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय समारोह में इस वर्ष 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ पुनीत गोयल और प्रो चांसलर डॉ पूनम गोयल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य कि कामना की। कार्यक्रम के दौरान भिवानी और आस पास के क्षेत्रों से लगभग 920 विद्यार्थियो ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि तथा विश्वविद्यालय के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह दिए गए। इसके अलावा कार्यक्रम में विद्यार्थियों का बहुमूल्य मार्गदर्शन भी किया गया कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार अपने करियर की दिशा तय कर सके। इस समारोह में प्रो.(डॉ) पवन कुमार शर्मा (चेयरमैन बोर्ड ऑफ स्कूल ऐजुकेशन हरियाणा, भिवानी) ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर जोर दिया। इसी के साथ उन्होंने बताया कि किसी भी देश के उज्जवल भविष्य और राष्ट्र के विकास के लिए विद्यार्थियों का हमेशा से ही विशेष योगदान रहा है। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे शिक्षा प्राप्त कर अपने जीवन को नया रूप दे सकते है। उन्होंने कई सफल विद्यार्थियों के उदाहरण भी दिए जोकि भारत सरकार के विभिन्न विभागों तथा कार्पोरेट जगत में अच्छे पदों पर कार्यरत है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एन. पी. कौशिक ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह उनकी शैक्षणिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ना है। उन्होंने उच्च शिक्षा में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों ने भाग लिया। सम्मानित विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और गर्व स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। सम्मानित विद्यार्थियों ने ओ.एस.जी.यू के इस विशेष कार्यक्रम की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय का आभार जताया। यह समारोह डॉ राकेश धीमान, राधे सोलंकी, बलबीर सिंह लहरा , दीपक अटकन, दिग्विजय श्योराण व उनकी पूरी टीम की देख- रेख में समपन्न हुआ। समारोह का मंच संचालन ऐडवोकेट नीरज तनेजा व पत्रकार सौरव शर्मा ने किया।
