भिवानी, 26 फरवरी। पशु प्रदर्शनी में पहुंचे किसान अच्छी नस्ल के पशु पालने व नई तकनीक के साथ खेती करने के जोश के साथ घर लौट रहे हैं। ऐसे में किसानों एवं पशुपालकों के लिए राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी वरदान साबित हो सकती है। किसानों की मानें तो प्रदर्शनी में आकर पशुपालन को लेकर सोच बदल कर जा रहे हैं। किसानों ने भिवानी में पशु प्रदर्शनी लगाया जाना सरकार की अच्छी पहल बताया है।
पशु प्रदर्शनी देखने आए दर्शकों ने बातचीत में बताया कि वे अच्छी नस्ल के पशु पालकर अपनी आय में बढोतरी का प्रयास करेंगे। प्रदर्शनी देखने आए बलियाली निवासी सुभाष ने बताया कि यहां आकर नई-नई वस्तुएं देखने को मिली हैं। अच्छी नस्ल के पशु देखकर जोश सा भर गया है। सुभाष ने बताया कि यहां आने के बाद अब सोच बदली है। सोच रहा हूँ कि बेहतर नस्ल के पशु पालूंगा। इससे आय भी बढेगी और इस तरह के आयोजनों में भाग लेकर अपने गांव व जिले का नाम रोशन करूंगा।
जाटू लोहारी निवासी देशराज ने बताया कि पशु प्रदर्शनी में आकर बहुत अच्छा लग रहा है, ये सब देखकर मन कर रहा है कि दो दिन यहीं रहूं। नई-नई चीजें देखने को मिली हैं, ज्ञान बढा है। सरकार के इस आयोजन से किसानों को नई-नई तकनीक की जानकारी भी मिल रही है।
बलियाली निवासी नरेंद्र कुमार ने कहा कि लोगों को अनेक प्रकार की नई जानकारी मिली हैं। पशु प्रदर्शनी में कई चीजें ऐसी हैं जिनके बारे में लोगों को जानकारी नहीं थी। इससे आने वाले समय में लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
राजेश घुसकानी ने बताया कि हर एक वस्तु बढिया लगी है। जैसा मन करके आया था उससे बेहतर देखने को मिला है, आनन्द आ गया। बहुत कुछ सीखने को मिला है।
क पीसां की सै भाई या मशीन–
कृषि उपकरणों को देखने व उनको लेकर जानकारी अर्जित करते हुए किसानों में काफी रूचि दिखाई दी। स्प्रे ड्रोन को देखकर एक किसान ने कहा कि क पीसां की सै भाई या मशीन। ड्रोन के बारे में जानकारी लेने के बाद किसान ने कहा कि मशीन तो काम की सै भाई। किसान सुरजीत सिंह, अमित, जयभगवान, जगदीश, राममेहर आदि स्प्रे ड्रोन की जानकारी लेने के बाद बोले कि स्प्रे करने के लिए अच्छी तकनीक है।