झज्जर, 12 जून।
केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्षों का गौरवशाली कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री औम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि भारत आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच , जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और वैश्विक मंच पर भारत नई पहचान के साथ विकास की नई गाथा लिख रहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में प्रगति की राह पर अग्रसर है। देश की जीडीपी 4.187 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है और विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है।
श्री धनखड़ ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि मोदी जी की नीतियों की बदौलत देश जल्द ही जर्मनी की जीडीपी से आगे निकल जाएगा। डिजिटिल इंडिया व एआई बेस्ट चीजों के साथ आगे बढ़ रहा है। डिजिटल इंडिया अभियान ने देश को तकनीकि रूप से समृद्ध किया है।
श्री धनखड़ ने कहा कि 11 वर्षों का सफर मात्र अभी शुरुआत है, पीएम मोदी जी प्रत्येक नागरिक में देश को लेकर एक विजन पैदा करना चाहते हैं , जिस विजन के जरिये अमृतकाल की तरफ देश तेजी से आगे बढ़े ।
औमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि देश भर में हर वर्ग के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंच रहा है। महिलाएं, बुजुर्गों, युवाओं, किसानों,श्रमिकों, कारीगरों, छात्रों सहित समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए बीते 11 वर्ष में सरकार ने नीतियां बनाई और प्रभावी ढंग से लागू की। जिनकी बदौलत देश ने विकास के मामलों में ऊंची छलांग लगाते हुए वैश्विक पटल पर एक मजबूत व तेजी से विकसित हो रहे देश के रूप में नई पहचान स्थापित की है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार जनता के द्वार पर जाकर सरकारी योजनाओं का लाभ देने का कार्य करते हुए हर वर्ग की जरूरतों को पूरा कर रही है। महिलाओं के लिए उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, लखपति दीदी जैसी अनेक योजनाएं व तीन तलाक जैसी बुराई को खत्म करते हुए प्रत्येक वर्ग की महिलाओं का उत्थान करने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि किसानों के लिए फसल बीमा, किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना, डायरेक्ट पैमेंट सहित अनेक योजनाएं शुरु करते हुए सरकार ने क्रांतिकारी कदम उठाएं हैं , जिनका किसानों को भरपूर लाभ मिल रहा है और आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं।
गौरवपूर्ण इतिहास से देशवासियों का सीना चौड़ा हुआ
औमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि देश गौरवपूर्ण इतिहास से अब पिछले 11 वर्षों में गौरवपूर्ण समय में पहुंच गया है। पीएम मोदी जी के नेतृत्व में कार्य करते हुए देश 11 वर्षों में सामरिक दृष्टि से मजबूत हुआ है। अब हम दुश्मनों को घर में जाकर मारते हैं। देश का गौरवपूर्ण इतिहास देश वासियों के सामने लाया गया, जिससे पहले छुपाया गया था। आजादी के आंदोलन से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक के हर बलिदानी को पूरे सम्मान के साथ याद किया जा रहा है।ज्ञात अज्ञात बलिदानी इतिहास को पब्लिक डोमेन में लाया जा रहा है।
एक देश, एक निशान, एक विधान में विश्वास करती है सरकार
श्री धनखड़ ने कहा कि सरकार श्री श्यामा प्रसाद मुखर्जी के एक देश, एक निशान ,एक विधान के मत में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ही जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया, जो हमारी सरकार के प्रति विजन को स्पष्ट करता है।
अंतरिक्ष तक हुआ देश का नाम
औम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि भारत ने इन 11 सालों में प्रत्येक क्षेत्र में अपार सफलताएं हासिल की हैं। अंतरिक्ष में क्षमताएं बढ़ी हैं और देश चांद तक पहुंच गया है। इसके अलावा देश के पास अभेद्य अंतरिक्ष रक्षा प्रणाली है ,जिसका नजारा हमें अभी पाकिस्तान के साथ आपरेशन सिंदूर में देखने को मिला। दुश्मन देश के सभी हमलों को हमारी सेना ने अंतरिक्ष में ही नेस्तनाबूत कर दिया।
पर्यावरण को लेकर सरकार गंभीर
औम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर बेहद गंभीर है। पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को सरकार बखूबी समझती है, और इसी उद्देश्य के लिए प्रधानमंत्री जी द्वारा एक पेड़ माँ के नाम जैसे नायाब अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में एक पेड़ माँ के नाम अवश्य लगाए और उसकी बड़ा वृक्ष होने तक देखभाल भी करें ।
पत्रकार वार्ता में ये रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता के दौरान औम प्रकाश धनखड़ के साथ जिला अध्यक्ष विकास वाल्मिकी, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय कबलाना, दिनेश कौशिक व आनंद सागर, मनीष बंसल सहित अन्य काफी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।