03: सेक्टर-86 स्थित पिरामिड ए-1 यूनिसेक्स सैलून का उद्घाटन करते सरपंच सुंदर लाल यादव।
गुरुग्राम जिला में भाजपा के सदस्यता संख्या 3.80 लाख के करीब पहुंची. सुंदर लाल यादव
गुरुग्राम। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक सरपंच सुंदर लाल यादव ने कहा कि गुरुग्राम जिला में भाजपा के सदस्यता अभियान को तेजी से चलाया जा रहा है। सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से सदस्यता संख्या जिला में 3.80 लाख के करीब पहुंच गई है। यह बात उन्होंने मंगलवार को सेक्टर-86 स्थित पिरामिड ए-1 यूनिसेक्स सैलून का उद्घाटन करने के बाद स्थानीय लोगों के बीच कही।
इस अवसर पर आयोजकों की ओर से किए गए स्वागत व मान-सम्मान के लिए उन्होंने आभार जताया। सरपंच सुंदर लाल यादव ने कहा कि जनहित में भाजपा सरकार ने जो कार्य किए हैं, वे पहले की सरकारें कभी नहीं कर पाई। भय और भ्रष्टाचार को खत्म करके सरकार ने प्रदेश में बेहतर माहौल दिया है। उन्होंने कहा कि गरीबों, जरूरतमंदों के लिए भाजपा सरकार ने योजनाएं चलाकर अंतिम व्यक्ति को लाभ पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पहले बतौर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया। अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश को विकास के मामले में मजबूत और अग्रणी राज्य बना रहे हैं। सुंदर लाल यादव ने कहा कि अंत्योदय का मिशन लेकर प्रदेश सरकार काम कर रही है। सरकार द्वारा अंत्योदय परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में सिलेंडर देने का निर्णय लेकर ऐतिहासिक कार्य किया गया है। डिजिटलीकरण को लागू करके लोगों को घर बैठे सुविधाएं देने का काम सरकार ने किया है। डिजिटल के दौर में भ्रष्टाचार पर काफी हद तक लगाम लगी है।
