हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला का निधन

हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला का निधन

प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित
आज पैतृक गांव तेजाखेड़ा में होगा अंतिम संस्कार
चंडीगढ़।
 हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का शुक्रवार को निधन हो गया है। वह 89 साल के थे। चौटाला गुरुग्राम स्थित अपने आवास पर थे। सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा। जिसके बाद साढ़े 11 बजे उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में लाया गया। करीब आधे घंटे बाद दोपहर 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। ओम प्रकाश चौटाला की धर्मपत्नी स्नेह लता का स्वर्गवास अगस्त 2019 में हो गया था। उनकी तीन बेटियां और दो बेटे हैं।
ओपी चौटाला पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की 5 संतानों में सबसे बड़े थे। उनका जन्म 1 जनवरी, 1935 को हुआ। वह 5 बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बने। चौटाला का पूरा जीवन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। शुरुआती शिक्षा के बाद ही चौटाला ने पढ़ाई छोड़ दी थी। 2013 में शिक्षक भर्ती घोटाले के दौरान जब चौटाला तिहाड़ जेल में बंद थे, तब उन्होंने 82 साल की उम्र में दसवीं तथा 12वीं की परीक्षा पास की। मेदांता में निधन की सूचना मिलते ही ओम प्रकाश चौटाला के पौत्र एवं पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, दिग्विजय चौटाला, कर्ण व अर्जुन चौटाला तथा परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंच गए। इसके बाद चौटाला का पाॢथव शरीर सिरसा स्थित उनके पैतृक गांव चौटाला ले जाया गया। शनिवार सुबह आठ से 2 बजे तक उनकी पार्थिव देह अंतिम दर्शन के लिए रखी जाएगी। शनिवार को तीन बजे तेजा खेड़ा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस बीच हरियाणा के मुख्य सचिव कार्यालय की तरफ से चौटाला के निधन के बाद जारी अधिसूचना के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर शोक स्वरूप तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया जाता है। 21 दिसंबर को चौटाला का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश में एक दिन का सरकारी अवकाश रहेगा। इसके अलावा प्रदेश में 22 दिसंबर तक सरकारी इमारतों पर लगे राष्ट्रीय ध्वज झुके रहेंगे और किसी प्रकार का सांस्कृति कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। मुख्य सचिव कार्यालय की तरफ से जारी आदेशों के अनुसार सिरसा के जिला उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला की अंतिम रस्मों के संबंध में होने वाले आयोजनों की निगरानी करेंगे।

You May Also Like