बादली (साहिल सिंधु) 5 जून। केंद्र में भाजपा की मोदी सरकार के सेवाकाल के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ ने बादली हलके के चारों मंडल के कार्यकर्ताओं की कार्यशाला को संबोधित किया। श्री धनखड़ ने कहा कि विकसित भारत के अमृत काल में ये 11 वर्ष सेवा , सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की टॉप फाइव में शामिल है, भारत की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन सहित कई अन्य देशों को भी बता दिया कि भारत को हलके में लेना उनको भारी पड़ेगा।
भाजपा राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में हुए सेवा कार्यों की पहुँच हर पात्र तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता तय कार्यक्रमों के अनुसार माइक्रो लेवल पर कार्य करेंगे। इसके लिए विस्तार से रूपरेखा तैयार की गई है। बादली हलके के हर मंडल व शक्ति केंद्र पर सभा, हर बूथ पर कार्यक्रम, 21 जून को हर मंडल पर योग कार्यक्रम, 23 जून को हर बूथ पर डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस मनाया जाएगा और छह जुलाई को हर मंडल पर जयंती मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 29 जून को हर बूथ पर पीएम मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात सुनी जाएगी और श्यामा प्रसाद जी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। हर कार्यकर्ता अपने माता-पिता के नाम पौधा रोपित करेंगे। इस दौरान विशेष बात रहेगी कि इन कार्यक्रमों के दौरान सेवा कार्य के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों आयुष्मान कार्ड वितरित किए जाएंगे। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पौधा रोपित किया।
बॉक्स: राहुल गांधी परिपक्व नेता नहीं बन पाए – बोले धनखड़
पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि राहुल गांधी परिपक्व नेता नहीं है। 1971 के युद्ध के दौरान सारा देश सरकार के साथ था, हमारे नेता अटल जी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का साथ दिया था। भाजपा की नीति देश हित की नीति रही है। राहुल गांधी को मैच्योरिटी के साथ ब्यान देना चाहिए। एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए संगठन का अभाव ही कांग्रेस को ले डूबा।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान बिरधाना,दिनेश कौशिक सहित बादली विधानसभा क्षेत्र के संयोजक विनोद भटेड़ा सहित हलके के सभी मंडल अध्यक्ष , पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।
