प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के प्रधानमंत्री महामहिम दातो सेरी अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर 7-8 फरवरी 2026 को मलेशिया की यात्रा पर हैं। 2015 के बाद से प्रधानमंत्री की यह तीसरी मलेशिया यात्रा है।
एक विशेष भावपूर्ण प्रस्तुति के तहत, कुआलालंपुर पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम, मलेशिया के मानव संसाधन मंत्री दातो श्री रामानन रामकृष्णन और मलेशिया के उप विदेश मंत्री दातो लुकानिस्मान बिन अवांग सौनी ने गर्मजोशी से किया। इसके बाद एक रंगारंग सांस्कृतिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें दोनों देशों की साझा विरासत को उजागर किया गया।
इस यात्रा का उद्देश्य 2024 में स्थापित भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। यह भारत-मलेशिया संबंधों को मजबूत करने के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो हमारी एक्ट ईस्ट पॉलिसी, इंडो-पैसिफिक विजन और विजन महासागर का एक प्रमुख स्तंभ है।
