हरियाणा विधानसभा में गुरुग्राम में मारे गए प्रवासी मजदूरों को श्रद्धांजलि

हरियाणा विधानसभा में गुरुग्राम में मारे गए प्रवासी मजदूरों को श्रद्धांजलि

विधानसभा स्पीकर की माता के निधन पर सदन ने जताया शोक
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में सोमवार को बजट सत्र के दौरान गुरुग्राम हादसे में मारे गए सात मजदूरों को श्रद्धांजलि भेंट की गई। विधानसभा में बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दो मार्च को बजट पेश किया था। जिसके बाद दस मार्च से विधानसभा में अवकाश शुरू किया गया था।
इस अवकाश के बाद सदन की कार्यवाही सोमवार की दोपहर दो बजे शुरू हुई। विधानसभा हरविंद्र कल्याण की माता प्रेम कौर कल्याण के निधन के चलते स्पीकर सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं हुए। डिप्टी स्पीकर डॉ.कृष्ण मिड्ढा ने सदन की कार्यवाही का संचालन किया। सदन के नेता एवं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सदन में प्रेम कौर को श्रद्धांजलि भेंट करते हुए उन्हें आदर्शवादी महिला बताया। प्रेम कौर ने शिक्षित होने के बावजूद डेयरी के कार्य को जीवन में प्राथमिकता दी।
मुख्यमंत्री ने हालही में गुरुग्राम में मिट्टी में दबने से मारे गए झारखंड व राजस्थान के सात प्रवासी मजदूरों को भी सदन की तरफ से श्रद्धांजलि दी। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी पार्टी की तरफ से शोक प्रस्तावों को पढ़ा और दिवंगतों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसी दौरान सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने जींद जिले के सफीदों में हुए अग्निकांड में दस महिलाओं की मौत का मुद्दा उठाते हुए उन्हें भी शोक प्रस्तावों में शामिल करने की मांग उठाई। जिसे सदन की तरफ से स्वीकार कर लिया गया। डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिढ्ढा द्वारा सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ने के बाद समूचे सदन की सभी दीर्घाओं में मौजूद प्रतिनिधियों ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि भेंट की।