कुरुक्षेत्र, 29 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं की सोच में बहुत बड़ा बदलाव आया है। इस सोच में हुए परिवर्तन से राष्ट्र निर्माण को गति मिल रही है। इतना ही नहीं मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को दुनिया का सबसे युवा देश बताया है। इस दौरान यमुनानगर के युवा प्रथम बराड़ की सोच ग्रीन व क्लीन भारत को ही समृद्ध भारत कहने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहना की है। इसके साथ ही देश के विकास में प्रदेश के युवा भी लगातार तत्पर हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को कुरुक्षेत्र भाजपा जिला कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 132 वां संस्करण सुन रहे थे। इस मौके पर हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, जिलाध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी, जिला प्रभारी दीपक शर्मा मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल संरक्षण और जल संचय की अपील करते हुए अलग-अलग हिस्सों के लोगों की कहानी के साथ प्रेरणा दी है, क्योंकि जल ही जीवन है। सरकार ने अमृत सरोवर के माध्यम से बरसाती पानी इकट्ठा करने का अभियान चलाया है। इन अमृतसरोवरों की सफाई करके बरसात के पानी को रोककर भूजल स्तर बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। इससे हम अपनी आने वाली पीढ़ी के लिए पानी मुहैया करवा सकते है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक राज्य में बरसात के पानी को इकट्ठा करके समस्या को निपटने के कार्य, दूसरी जगह बरसाती पानी का संचय करके किसानों द्वारा खेती बढ़ाने जैसे अनूठे उदाहरण देकर जल बचाने के प्रति जागरूक किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रदेश में इस योजना का अधिक से अधिक नागरिकों को लाभ देने के लिए राज्य सरकार की तरफ से अलग से सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। एक लाख 80 हजार से कम आय वाले नागरिकों को दो किलोवाट का सोलर सिस्टम फ्री में दिया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आग्रह पर कहा कि नागरिकों को शुगर इनटेक पर काम करना चाहिए। इसके तहत अपने खाने में 10 प्रतिशत की कटौती करते हुए मोटापा और बीमारियों को कम करें। इसके साथ ही शिक्षा, खेल, पौधे रोपण, मछली पालन और योग पर जोर दिया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस कार्यक्रम में सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक महत्व के मुद्दों पर चर्चा की जाती है। सरकार की नीतियों को नागरिकों तक पहुंचाना और उनकी प्रतिक्रिया जानना भी इसका एक महत्वपूर्ण पहलू है। मन की बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आम जनता के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए देशभर में हो रहे सकारात्मक प्रयासों, सामाजिक नवाचारों और जनभागीदारी की प्रेरक कहानियों को सामने लाया जाता है, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और समाज में मेलजोल की भावना को बढ़ावा देती है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामाजिक मुद्दे जैसे कि स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण, सांस्कृतिक विरासत, शिक्षा, स्वास्थ्य, और सरकार की विभिन्न योजनाएं का भी जिक्र करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर उन व्यक्तियों और समुदायों की प्रेरणादायक कहानियां भी साझा करते हैं जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। इस कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर नागरिकों द्वारा भेजे गए विचारों, सुझावों और अनुभवों को भी साझा करते हैं। इसके लिए एक ऑनलाइन पोर्टल माई जीओवी भी बनाया गया है। इस पर नागरिक अपने विचार और सुझाव भेज सकते हैं। कुछ चुनिंदा संदेशों को कार्यक्रम में शामिल भी किया जाता है। मन की बात कार्यक्रम का देश में गहरा प्रभाव पड़ा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधे देश के नागरिकों से जुडऩे का एक अनूठा मंच प्रदान करता है। रेडियो की व्यापक पहुंच के कारण, यह देश के दूर-दराज के क्षेत्रों तक भी पहुंचता है। इस कार्यक्रम में हरियाणा के लोगों की उपलब्धियों का भी अनेक बार जिक्र हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संवाद स्थापित करना है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री के विचारों को भारत के आम लोगों तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करते हुए उन्हें तो गर्व महसूस होता ही है। इसके साथ ही दूसरे लोगों को भी लगता है कि हमें भी उनकी तरह मेहनत करनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यक्रम विशेष रूप से युवाओं को नवाचार आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है। मन की बात कार्यक्रम न केवल विचारों को दिशा देता है, बल्कि देशवासियों को विकास, सेवा और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढऩे का संदेश भी देता है।
इस मौके पर चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, उपाध्यक्ष धूमन सिंह किरमच, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, जिप चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, भाजपा नेता जयभगवान शर्मा डीडी,भाजपा प्रदेश सचिव राहुल राणा, प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र सागवान, महिला जिलाध्यक्ष वंदना गौरी, परमजीत कौर कश्यप,नरेंद्र पाल डाबला, जिला उपाध्यक्ष अनु मालयन , देवी दयाल शर्मा , कार्यालय सह प्रभारी सोमपाल राणा, रमेश सैनी, अमन सैनी, दीपक शर्मा,हन्नू चक्रपाणि,सभी जिला पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।
