हरियाणा ने दृढ़ इच्छाशक्ति से नशे पर लगाम लगाई, जबकि पंजाब में नशा बढ़ा: नायब सिंह सैनी

हरियाणा ने दृढ़ इच्छाशक्ति से नशे पर लगाम लगाई, जबकि पंजाब में नशा बढ़ा: नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 2 अगस्त-  हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा हरियाणा व पंजाब ही नहीं, पूरे देश के युवाओं को नशे की लत से दूर रखने की जरूरत है ताकि विकसित भारत के सपने को पूरा किया जा सके। हरियाणा सरकार जहां दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए नियमित रूप से राहगिरी, साइक्लोथोन तथा मैराथन के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त करने में सफलता के साथ आगे बढ़ रही है वहीं पंजाब सरकार न तो नशे पर रोक लगा सकी और न ही युवाओं को रोजगार दिलाने में सफल हो सकी।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यह बात ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के राष्ट्रव्यापी शुभारंभ अवसर पर पंजाब के कोटकपूरा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी नशा मुक्त युवा अभियान का शुभारंभ किया और देशभर में आयोजित 28000 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल एक करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में सरकार ने नशा मुक्त अभियान चलाकर युवाओं को नशे के कुचक्र से बाहर किया वहीं पंजाब में समय के साथ नशा बढ़ गया है, यहां युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है जिसके चलते उनकी हालत खराब है और युवा वर्ग नशे की दलदल में धंसता जा रहा है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की वर्तमान सरकार और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने युवाओं व किसानों के लिए बड़े-बड़े वादे तो किए लेकिन सरकार में आने के बाद इन्हें पूरा करने में कभी कोई रुचि नहीं ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद यहां भी हरियाणा की तरह युवाओं व किसानों के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की जाएंगी। हरियाणा में सरकार द्वारा किसानों की सभी 24 फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही हैं और फल व सब्जियों के लिए भावांतर भरपाई योजना लागू की है जिससे यदि ये फसलें बाजार में कम मूल्य पर बिकें तो अंतर की भरपाई सरकार करती है। इसी तर्ज पर पंजाब में भी भाजपा सरकार बनने के बाद किसानों को इन योजनाओं का लाभ मिलेगा।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारा देश विकसित राष्ट्र तभी बनेगा जब हर युवा नशे के नुकसान को समझते हुए न केवल स्वयं इसकी लत से बचेगा बल्कि दूसरे युवाओं को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगा। नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके परिवार, उसके राज्य और पूरे देश को नुकसान पहुंचाता है। नशे की गिरफ्त में फंसे व्यक्ति के परिवार के सपने भी मुरझा जाते हैं, इसलिए हर युवा को इसकी गंभीरता समझते हुए नशे की दलदल से दूर रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *