पंचकूला में ‘रन फॉर यूनिटी’ में दौड़े मुख्यमंत्री नायब सैनी

पंचकूला में ‘रन फॉर यूनिटी’ में दौड़े मुख्यमंत्री नायब सैनी

पटेल की 151वीं जयंती पर मुख्यमंत्री ने दिया एकता और अखंडता का संदेश
चंडीगढ़, 31 अक्तूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों से विकसित हरियाणा के साथ-साथ सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी संदेश को आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें तथा अफवाहों और भेदभाव को बढ़ावा देने वाली बातों से बचें। उन्होंने कहा कि युवाओं के छोटे-छोटे जिम्मेदार कदम समाज में विश्वास और सद्भाव को बढ़ावा दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में एचएसवीपी शिवालिक कंट्री क्लब, एमडीसी, सेक्टर-1, पंचकूला में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन पर पुष्प वर्षा की और स्वयं भी ‘रन फॉर यूनिटी’ में भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभक्ति के उत्साह और भारत की एकता के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ आयोजित इस दौड़ का संदेश पूरे देश में जाएगा कि हम सब एक हैं और भारत की एकता एवं अखंडता को सदैव अक्षुण्ण रखेंगे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि आजादी के समय भारत के सामने अनेक चुनौतियां थीं। देश विभाजन की पीड़ा से गुजर रहा था और सैकड़ों रियासतों को एक राष्ट्र के सूत्र में पिरोने का कठिन दायित्व सामने था।
मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जनसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की विरासत को अपने आचरण में उतारने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारी भाषाएं, पहनावे और परंपराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारा संविधान, हमारा तिरंगा और हमारी राष्ट्रीय पहचान हमें एक सूत्र में बांधते हैं।
गुजरात में स्थापित सरदार वल्लभभाई पटेल की 182 मीटर ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ उनके विराट योगदान का स्मारक है। यह हमें याद दिलाती है कि एकजुट राष्ट्र अपने परिश्रम और संकल्प से कितनी ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई।
‘रन फॉर यूनिटी’ में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। देशभक्ति के गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच युवाओं एवं बच्चों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संदेश देते हुए दौड़ लगाई। यह दौड़ एचएसवीपी शिवालिक कंट्री क्लब, एमडीसी, सेक्टर-1, पंचकूला से शुरू होकर माता मनसा देवी मंदिर परिसर में संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *