केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित ‘एकता दौड़’ का शुभारंभ किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित ‘एकता दौड़’ का शुभारंभ किया

‘केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित ‘एकता दौड़’ का शुभारंभ किया। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देशवासियों को एकता शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल श्री तरणजीत सिंह संधू, केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री श्री नित्यानंद राय और श्री बंडी संजय कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

RED1.jpeg

इस अवसर पर अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी जी के देश के प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही हम सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हैं। आज सरदार साहब की 151वीं जयंती है। सरदार साहब वो महान व्यक्तित्व हैं जिन्होंने न सिर्फ भारत के इतिहास को बदला बल्कि देश के भूगोल की संरचना भी की। अनेक राजे-रजवाड़ों और रियासतों को एक माला में पिरोने का कठिन कार्य कर हमारे सामने वर्तमान अखंड भारत के नक्शे का निर्माण सरदार साहब ने किया। उन्होंने कहा कि सरदार साहब ने भारत के भौगोलिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक एकीकरण के लिए न सिर्फ सफल प्रयास किया बल्कि उसे एक कर भारत को एक सूत्र में भी पिरोया।

श्री अमित शाह ने कहा कि जब देश को आज़ादी मिली तब दुनिया कहती थी कि आज़ादी के बाद भारत बिखर जाएगा। सरदार साहब ने आज़ादी के बाद मात्र 1218 दिन में एक अखंड भारत की रचना कर वो कर दिखाया जो सबको असंभव लगता था। देखते ही देखते सरदार साहब की संकल्पना से बना वो भारत आज दुनिया के सामने गौरव के साथ खड़ा है।

RED2.jpeg

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इसी वर्ष 31 मार्च को देश नक्सलवाद से मुक्त होकर नशामुक्त देश बनने की दिशा में आगे बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत की कल्पना में सबसे पहला चरण नशामुक्त भारत की रचना का है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के कार्यकाल में देश में कई सारे बड़े काम हुए हैं। धारा 370 हटाकर कश्मीर को हमेशा के लिए भारत के साथ जोड़ना, देश से नक्सलवाद समाप्त करना, एक देश, एक कर प्रणाली लागू करना जैसे कई बड़े काम हुए हैं। श्री शाह ने कहा कि जब नशामुक्त भारत की रचना होगी, वो इन सभी कामों में हमारे देश के युवाओं और भविष्य के लिए सबसे बड़ा काम होगा।

RED3.jpeg

श्री अमित शाह ने कहा कि हमारे देश की भाषाई, सांस्कृतिक और पारंपरिक विविधता हमारी कमजोरी नहीं बल्कि हमारी ताकत है। उन्होंने कहा कि यही सरदार साहब का संदेश था और इसी रास्ते पर हमें आगे बढ़ना है। भाषाई, सांस्कृतिक और धार्मिक विविधता हमारी शक्ति है। संवाद, विश्वास और समावेशी सोच से हमने विगत 80 साल में एक साझा राष्ट्रीय पहचान खड़ी की है। हमारी भाषाएं, वेशभूषाएं, सांस्कृतिक मान्यताएं और धर्म अलग हैं लेकिन हमारा देश हमेशा एक बनकर रहा है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण के माध्यम से हमने सभ्यता और राष्ट्रीय पुनर्जागरण का अनुभव किया है। सोमनाथ मंदिर के निर्माण की कल्पना भी सरदार साहब ने की थी। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पनाएं हमें विश्व मे अर्थतंत्र की तालिका में उच्चतम स्थान की दिशा में आगे ले जा रही हैं।

RED4.jpeg

श्री अमित शाह ने कहा कि सरदार साहब को कई वर्षों तक उनके कार्यों के आधार पर उचित सम्मान नहीं मिला था। विपक्ष ने हमेशा से सरदार साहब को भुलाने का प्रयास किया, लेकिन सूर्य के प्रकाश को ढक नहीं सकते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने स्टेच्यू ऑफ यूनिटी बनाकर एक गगनचुंबी प्रतिमा का निर्माण कर पूरे देश के सामने सरदार साहब के उच्च व्यक्तित्व को प्रस्थापित किया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी जी उसी स्थान से देशभर के पुलिसबलों की परेड की सलामी लेकर राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *