गुरु रविदास जी की वाणी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है हरियाणा सरकार : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

गुरु रविदास जी की वाणी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है हरियाणा सरकार : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

समरसता संकल्प यात्रा का फरीदाबाद पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने किया भव्य स्वागत

फरीदाबाद, 28 नवंबर।  हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की महान वाणी और उनके समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संत-महापुरुषों की शिक्षाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और उनकी जयंतियों को राज्य स्तर पर मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। हरियाणा विधानसभा ने गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे वर्ष राज्य स्तर पर मनाने का संकल्प लिया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज फरीदाबाद में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा के पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को आगे बढ़ाते हुए कुरुक्षेत्र के उमरी में 5 एकड़ भूमि पर 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गुरु रविदास धाम का निर्माण किया जा रहा है। यह धाम केवल पत्थरों से बनी इमारत नहीं होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सामाजिक समरसता और समानता का तीर्थ केंद्र बनेगा। गुरु रविदास जी किसी एक जाति या वर्ग के गुरु नहीं थे, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक थे। जिस प्रकार गंगा का जल हर प्यासे के लिए है, उसी प्रकार गुरु रविदास जी की वाणी प्रत्येक मनुष्य के लिए है।

*गुरु रविदास जी की चरण पादुकाओं और पावन कलश यात्रा का फरीदाबाद में भव्य स्वागत*

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सभी के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि समरसता संकल्प यात्रा का फरीदाबाद की धरती पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया और गुरु रविदास जी महाराज की चरण पादुकाओं के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि 29 जुलाई, 2026 को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वाराणसी स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से उनके 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पावन कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ था। इस यात्रा में उनकी जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को लेकर गुरुग्राम पहुंचा गया और 4 अगस्त को हरियाणा के सभी जिलों में कलश यात्रा के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर तक गुरु जी का संदेश पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि इस कलश में केवल मिट्टी नहीं, बल्कि आस्था, विरासत और संस्कृति समाहित है। यह संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के महान विचारों का प्रतीक है। गत 18 नवंबर को पंजाब के डेरा सचखंड बल्ला से रवाना हुई समरसता संकल्प यात्रा जब बदरपुर बॉर्डर के रास्ते फरीदाबाद पहुंची, तो ऐसा लगा मानो 650 वर्षों की आस्था स्वयं चलकर हमारे द्वार पर आ गई हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा की मंजिल भेदभाव मुक्त भारत का निर्माण है। हरियाणा की जनता की ओर से इस पावन यात्रा का स्वागत और अभिनंदन किया जाता है। यह यात्रा केवल सड़कों पर नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में चली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यात्रा 16 दिनों में 47 शहरों से होते हुए 2,402 किलोमीटर का सफर तय कर 3 दिसंबर को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, काशी पहुंचेगी। हरियाणा में यह यात्रा यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत से होते हुए फरीदाबाद पहुंची है। यहां से यह पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब से चला समरसता का संकल्प हरियाणा ने पूरे सम्मान के साथ अपनाया है और अब काशी इसकी प्रतीक्षा कर रही है। फरीदाबाद कर्मभूमि के रूप में अपनी अलग पहचान रखता है। यह मेहनतकश लोगों का शहर है। गुरु रविदास जी महाराज ने भी श्रम को सम्मान दिया और अपना पैतृक कार्य कभी नहीं छोड़ा। वे अपने कर्म को करते हुए संत शिरोमणि और जगतगुरु बने। उन्होंने औजार को आराधना और पसीने को पूजा का स्वरूप प्रदान किया।

*जातिगत भेदभाव मिटाकर ही स्थापित हो सकती है सच्ची सामाजिक समरसता*

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाज ऊंच-नीच और जातिगत भेदभाव में बंटा हुआ था, तब गुरु रविदास जी महाराज ने समानता और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने अपनी वाणी के माध्यम से समाज को समझाया कि जातिगत भेदभाव की परतें जब तक समाप्त नहीं होंगी, तब तक इंसान से इंसान का वास्तविक जुड़ाव संभव नहीं है। जाति के आधार पर किसी को छोटा या बड़ा समझना मानवता की मूल भावना के विपरीत है। गुरु रविदास जी की शिक्षाएं हमें भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान देने की प्रेरणा देती हैं। महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिन पहले ही देश ने संविधान दिवस मनाया है। गुरु रविदास जी महाराज ने समानता की राह दिखाई और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समानता के इस विचार को संविधान के माध्यम से अधिकार का स्वरूप प्रदान किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी बाबा साहेब के संविधान और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

*श्रमिकों के पसीने में दिखाई देते हैं गुरु रविदास जी के आदर्श*

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार और आगे बढ़ने के एक सामान अवसर उपलब्ध करवा रही है। मेहनत से सने मजदूरों के हाथों में उन्हें संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के हाथ दिखाई देते हैं। सरकार के लिए श्रम का कोई बोझ नहीं, बल्कि यही हरियाणा के विकास की रीढ़ है। प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले प्रत्येक श्रमिक का सम्मान करना ही गुरु रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धा और पूजा है। मुख्यमंत्री ने गुरु रविदास जी की वाणी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां हर व्यक्ति को अन्न मिले और कोई छोटा-बड़ा न हो। उनकी यह कामना थी कि ऐसा राज्य हो, जहां सभी समान रूप से रहें और हर व्यक्ति प्रसन्न हो। गुरु जी की यही भावना हरियाणा सरकार के शासन और नीतियों का मार्गदर्शन कर रही है।

*प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र से बदल रही शासन व्यवस्था*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर चलते हुए हरियाणा में शासन व्यवस्था का स्वरूप बदला गया है। पहले सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हीं लोगों तक पहुंचता था, जिनकी पहुंच होती थी, लेकिन आज लाभ उसी व्यक्ति को मिल रहा है, जिसका उस पर अधिकार है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने व्यवस्था में यह सकारात्मक बदलाव किया है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों के खातों में पहुंचा रही है। समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करते हुए 1.80 लाख रुपये से कम वार्षिक पारिवारिक आय वाले परिवारों की बहनों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उनके खातों में 2,100 रुपये की राशि पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। ये सभी प्रयास गुरु रविदास जी की समानता और जनकल्याण की शिक्षाओं से प्रेरित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी ने हमें सिखाया कि मनुष्य जन्म से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से बड़ा बनता है। इसी सिद्धांत को हरियाणा सरकार ने रोजगार व्यवस्था का आधार बनाया है। वर्तमान सरकार में युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के योग्यता और मेहनत के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद की धरती ने हमेशा सामाजिक न्याय की आवाज को बुलंद किया है। सांसद श्री कृष्ण पाल गुर्जर भी केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री के रूप में गरीब और वंचित वर्गों की निरंतर सेवा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की धरती पर इस ऐतिहासिक यात्रा का यह अंतिम चरण है। यात्रा आगे बढ़ेगी, लेकिन इसका समरसता का संदेश फरीदाबाद के हर घर तक पहुंचना चाहिए। हम सभी को मिलकर संकल्प लेना होगा कि गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाओं के अनुरूप न किसी के साथ भेदभाव करेंगे और न ही भेदभाव सहेंगे। श्रम का सम्मान करेंगे और प्रत्येक व्यक्ति को समान मान-सम्मान देंगे।

*समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही संत रविदास जी की शिक्षाओं का सम्मान : डॉ. अर्चना गुप्ता*

भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने समरसता संकल्प यात्रा का अभिनन्दन कर गुरु रविदास की चरण पादुकाओं को नमन किया। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यह यात्रा गुरु रविदास जी के महान विचारों व उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। संत गुरु रविदास जी ने 15वीं सदी में समाज को समानता, भाईचारे और भेदभाव से मुक्त समाज का रास्ता दिखाया था। आज केंद्र और हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें उसी मार्ग पर आगे बढ़ते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज से ऊंच-नीच और भेदभाव समाप्त करने का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुविधाएं पहुंचाना और किसी भी व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहने देना है। यही संत रविदास जी की शिक्षाओं की मूल भावना भी है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन और उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए हमें सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर आपसी भाईचारे, समानता और समरसता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।

*गुरु रविदास जी ने 650 वर्ष पहले दिया था सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश : विपुल गोयल*

प्रदेश के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने प्रदेश के मुख्य मंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा अन्य अतिथिगण का स्वागत करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी ने लगभग 650 वर्ष पहले समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया था। उन्होंने समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव को समाप्त करने तथा सभी को समान दृष्टि से देखने की प्रेरणा दी। उनका यह संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और समाज को एकजुट रखने के लिए मार्गदर्शक है।

विपुल गोयल ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का संदेश था कि व्यक्ति जन्म से छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि उसके कर्म ही उसकी पहचान बनाते हैं। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को केवल आयोजनों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज में समरसता का वातावरण बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे महापुरुषों के विचार समाज को समानता और न्याय की दिशा दिखाते हैं।

राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में संत रविदास जी की 650वीं जयंती को देशभर में व्यापक स्तर पर मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जालंधर से वाराणसी तक लगभग 2,202 किलोमीटर लंबी समरसता यात्रा 16 राज्यों से होकर गुजर रही है। यह यात्रा संत रविदास जी के मानवता और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित लोगों का आह्वान किया कि वे जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लें।

*हरियाणा में लगभग 1,200 किलोमीटर का सफर तय कर आज उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी समरसता संकल्प यात्रा : कृष्ण लाल पंवार*

प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने समरसता संकल्प यात्रा का पूरे हरियाणा में भव्य स्वागत सुनिश्चित किया है। मुख्यमंत्री संत गुरु रविदास जी के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट कर रहे हैं। समरसता संकल्प यात्रा अब तक हरियाणा में लगभग 1,200 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है और आज होडल से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी।

कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि 29 जुलाई को वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी के जन्मस्थान गोवर्धनपुर से लाई गई पावन मिट्टी के साथ 25 राज्यों से निकली कलश यात्राओं का 30 जुलाई को गुरुग्राम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्वागत किया था। मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम के शीतला माता मंदिर में कलश को विधिवत स्थापित किया था।

समरसता संकल्प यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने संत गुरु रविदास जी की पावन चरण पादुका को भी अपने सिर पर धारण कर श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि संत गुरु रविदास जी के समानता, सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है।

*संत रविदास जी ने समानता, मानवता और भाईचारे का दिया संदेश : राव नरबीर सिंह*

प्रदेश के पर्यावरण, वन और वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि संत रविदास जी भारत के महान संत, समाज सुधारक, कवि और भक्ति आंदोलन के प्रमुख संतों में से एक थे। उन्होंने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, मानवता, भाईचारे और सामाजिक न्याय का संदेश दिया। संत रविदास जी जातिगत भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना के प्रबल विरोधी थे तथा उन्होंने प्रेम, करुणा और मानवता को सर्वोपरि माना।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को ऐसा आदर्श मार्ग दिखाया, जिसमें किसी के साथ भेदभाव न हो और हर व्यक्ति को सम्मान एवं न्याय मिले। उनके संदेश के अनुसार यदि मन पवित्र है तो ईश्वर की प्राप्ति कहीं भी की जा सकती है। श्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि संत रविदास जी ने ऐसे आदर्श समाज की कल्पना की थी, जहां न दुख हो, न भेदभाव, न गरीबी और न ही किसी के साथ अन्याय हो। समाज को जाति-पाति और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करना चाहिए।

*संत रविदास जी ने समाज को समानता और सम्मान का संदेश दिया : राजेश नागर*

प्रदेश के खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच और जाति-पाति के भेदभाव को समाप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार, सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी। संत रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का मार्ग दिखाती हैं।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की जयंती केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में उतारने का अवसर है। हमें उनके द्वारा दिए गए समानता, भाईचारे और मानव सम्मान के संदेश को आत्मसात करते हुए समाज में किसी भी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने के लिए आगे आना चाहिए। संत रविदास जी का संदेश किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों को आत्मसात करके ही समाज में वास्तविक समरसता और भाईचारा स्थापित किया जा सकता है।

*संत रविदास जी ने समाज को जातिवाद और ऊंच-नीच से मुक्त करने का दिया संदेश : मूलचंद शर्मा*

बल्लभगढ़ विधायक एवं पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा ने संत रविदास जी के चरणों में नमन करते हुए कहा कि संत रविदास जी ने अपने विचारों और शिक्षाओं के माध्यम से समाज को जातिवाद, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समानता एवं भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया। संत रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपने विचारों से लोगों को अच्छे संस्कार, सद्भावना और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि संत किसी एक जाति या धर्म के नहीं होते, बल्कि वे संपूर्ण मानवता के होते हैं। संतों की वाणी में जीवन को सही दिशा देने की शक्ति होती है। उनके विचारों से हमें समानता, प्रेम, करुणा और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की सीख मिलती है। जो व्यक्ति समता और समानता का सम्मान करता है, उसे समाज में भी सम्मान प्राप्त होता है।

*संत रविदास जी ने समाज को जोड़ने और समरसता का मार्ग दिखाया : शिवेश कुमार राम*

राज्य सभा सांसद एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार यात्रा के साथ जुड़कर संत रविदास जी के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट कर रहे हैं। श्री शिवेश कुमार राम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इसी वर्ष जालंधर स्थित सचखंड बल्ला में संत निरंजन दास जी के डेरे में पहुंचकर संत गुरु रविदास जी के चरणों में शीश नवाया था। इसी अवसर पर संत रविदास जी की 650वीं जयंती को सामाजिक समरसता वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया।

*संत रविदास जी की शिक्षाएं सामाजिक समरसता और भाईचारे की मजबूत आधारशिला : सतीश फागना*

एनआईटी विधायक सतीश फागना ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने विचारों और शिक्षाओं के माध्यम से समाज को जोड़ने, समानता स्थापित करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया। विधायक सतीश फागना ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी लगातार इस यात्रा से जुड़कर संत रविदास जी के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट कर रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर यात्रा का स्वागत करना संतों और महापुरुषों के विचारों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। श्री फागना ने कहा कि संत रविदास जी की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उनके विचार हमें जाति-पाति और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करने तथा समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।

*समरसता संकल्प यात्रा का फरीदाबाद पहुंचना गौरव और सौभाग्य का विषय : धनेश अदलखा*

बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि फरीदाबाद की धरती पर समरसता संकल्प यात्रा का पहुंचना सभी के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। आज हम सभी इस ऐतिहासिक यात्रा के साक्षी बन रहे हैं। यह यात्रा संत गुरु रविदास जी के प्रति श्रद्धा प्रकट करने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और शिक्षाओं के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट रखने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा लाल सिंह आर्य, प्रदेश महामंत्री भाजपा सत्यप्रकाश जरावता एवं गोपाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा सुनीता दुग्गल, हरियाणा सरकार के मंत्री कृष्ण बेदी, जिला अध्यक्ष फरीदाबाद पंकज पूजन रामपाल, फरीदाबाद महानगर जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह, गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी पिंटू, गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव, नूंह जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह पिंटू, प्रदेश अध्यक्ष एससी मोर्चा अजय खुंडिया, विधायक मुकेश शर्मा, विमला चौधरी, तेजपाल तंवर, विधायक होडल हरेन्द्र रामरतन, विधायक दिल्ली गजेन्द्र यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, चेयरमैन गुरनाम सैनी, ओमप्रकाश एवं यशपाल ठाकुर, जिला प्रभारी फरीदाबाद लतिका शर्मा, फरीदाबाद गुरुग्राम प्रभारी संदीप जोशी, महानगर प्रभारी राजकुमार वोहरा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ओबीसी मोर्चा रामेश्वर प्रजापति, पूर्व विधायक एवं प्रदेश सह कोषाध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, संत समाज से स्वामी नारायणशानंद (खेड़ी पुल रविदास मंदिर), सुरेन्द्र मंटो (बुद्ध विहार रविदास मंदिर), कन्हैया लाल (सारन रविदास मंदिर), जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा, कवीन्द्र फागना, अनुराग गर्ग सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *